HTML tutorial
HTML tutorial

छह सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का नगर निगम में प्रदर्शन, शासनादेश जारी करने की मांग

छह सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का नगर निगम में प्रदर्शन, शासनादेश जारी करने की मांग
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के बैनर तले बुधवार, 18 नवंबर 2026 को देहरादून नगर निगम परिसर में सफाई कर्मचारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के शाखा अध्यक्ष सुनील कुमार (सोनू खैरवाल) एवं महासचिव धीरज भारती ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद यूनियन की ओर से पूर्व की भांति छह सूत्रीय मांग पत्र देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त निदेशक शहरी विकास तथा नगर आयुक्त देहरादून आलोक कुमार पांडेय को भी ज्ञापन प्रेषित किया गया।

यूनियन ने मांग की कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में पर्यावरण मित्रों के लिए 800 रुपये प्रतिदिन मानदेय का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन अभी तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ है। यूनियन ने इस संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी करने की मांग की। इसके साथ ही बोर्ड में स्वीकृत 715 पर्यावरण मित्रों की भर्ती प्रक्रिया का शासनादेश जारी करने की मांग भी उठाई गई।

यूनियन का कहना है कि अस्थायी, दैनिक वेतनभोगी एवं संविदा कर्मचारियों के साथ नाला गैंग, रात्रि गैंग, मोहल्ला स्वच्छता समिति और पर्यावरण मित्रों के विनियमितीकरण के लिए कमेटी गठित की गई थी, लेकिन अब तक कमेटी की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट भेजने की मांग की गई। साथ ही विनियमितीकरण की कटऑफ तिथि वर्ष 2018 से बढ़ाकर वर्ष 2024 करने की मांग रखी गई।

अन्य मांगों में स्थायी पर्यावरण मित्रों के वर्ष 2015 के ढांचे में संशोधन कर मृत पदों को बहाल करने तथा नगर निगम के बढ़ते क्षेत्रफल और आबादी के अनुपात में 3,000 नए स्थायी पर्यावरण मित्रों के पद स्वीकृत कर उनका शासनादेश जारी करने की मांग शामिल है।

प्रदर्शन में राजकुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, अरविंद कुमार, शुभम सौदे, छाया देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, ममता सहित सैकड़ों पर्यावरण मित्र एवं यूनियन के सदस्य शामिल रहे। यूनियन पदाधिकारियों ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की बात कही।

 

देवभूमि खबर

Related articles