हल्द्वानी से ऊधमसिंहनगर तक विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी/ऊधमसिंहनगर। प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, आकर्षक स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंहनगर जिले के विभिन्न प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी तथा कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति की थीम को प्रदर्शित किया जाएगा।
रामलीला मैदान के समीप स्थित डीके पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। पार्क में आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खुले व्यायाम केंद्र के उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के मध्य भाग में पौधरोपण एवं हरितीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इन सभी कार्यों के लिए इसी माह निविदाएं आमंत्रित किए जाने की योजना है।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सचिव को प्रस्तावित स्थल और उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर में स्टेडियम की कार्ययोजना का निरीक्षण
ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में भी निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का जायजा लेते हुए सचिव ने पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
12.48 करोड़ से बना अत्याधुनिक बस अड्डा
किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
सितारगंज में 9.75 करोड़ से विकसित हो रहा पार्किंग कॉम्प्लेक्स
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, खुला व्यायाम केंद्र, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।
सचिव ने अवशेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधमसिंहनगर के उपाध्यक्ष जय किशन, सचिव पंकज कुमार उपाध्याय, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पीके दीक्षित, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र नवानी, सहायक अभियंता कैलाश डुंगवाल, संयुक्त सचिव एपी वाजपेयी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
