गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को नैनीताल पुलिस ने किया गिरफ्तार

हल्द्वानी में इलाज के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत का मामला, आरोपी को न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
हल्द्वानी। इलाज के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 04 अक्टूबर 2026 को टाउन धानमिल, हल्द्वानी निवासी राम चन्द्र ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 03 अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान द्वारा इलाज करने के नाम पर उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा का उपचार किया गया, जिसके दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 338/2026, धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के बाद फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी करते हुए आरोपी की तलाश की और नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।


