भूमि धोखाधड़ी में डेढ़ साल से फरार 10-10 हजार के दो इनामी गिरफ्तार, बैंक में बंधक संपत्ति बेचकर 40 लाख की ठगी

देहरादून। भूमि धोखाधड़ी के मामले में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को रायपुर थाना पुलिस ने शामली, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर बैंक में बंधक संपत्ति का सौदा कर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दोनों आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2025 को लक्ष्मी अग्रवाल पत्नी पुरुषोत्तम अग्रवाल, निवासी नेसविला रोड, देहरादून ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अमन विहार, सहस्रधारा रोड रायपुर निवासी उर्मिला शर्मा ने राजपुर क्षेत्र स्थित अपनी भूमि का सौदा 45 लाख रुपये में तय किया था। सौदे के एवज में शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये लेने के बाद उर्मिला शर्मा अचानक गायब हो गई।
बाद में संपत्ति के संबंध में जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित भूमि पहले से ही बैंक में बंधक थी और उस पर 18 लाख रुपये का ऋण लिया गया था। इसके बावजूद बैंक में बंधक संपत्ति को बेचने का सौदा कर शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये हड़प लिए गए। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा के साथ उसके पति सुभाष चंद्र शर्मा और पुत्र दीपक शर्मा की संलिप्तता भी प्रकाश में आई। गिरफ्तारी से बचने के लिए तीनों लगातार फरार चल रहे थे। आरोपियों की लगातार फरारी को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
वर्तमान में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के माध्यम से भी आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी शामली, उत्तर प्रदेश में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर सुभाष चंद्र शर्मा और दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस मामले में नामजद मुख्य आरोपी उर्मिला शर्मा की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। पुलिस ने उसकी मृत्यु से संबंधित दस्तावेज भी आरोपियों से प्राप्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियो की पहचान सुभाष चंद्र शर्मा पुत्र रोशनलाल शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता अमन विहार, गली नंबर चार, सहस्रधारा रोड, थाना रायपुर, देहरादून।
दीपक शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा, निवासी ग्राम नल्हेड़ा, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। वर्तमान पता उपरोक्त के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक ए.के. बलूनी, कांस्टेबल मुकेश कंडारी, कांस्टेबल सोनी कुमार (एसओजी) और कांस्टेबल मनोज (एसओजी) शामिल रहे।


