HTML tutorial
HTML tutorial

नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई, 6 विधिक नमूने लिए

नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन कार्रवाई, 6 विधिक नमूने लिए
Spread the love

हरिद्वार। आगामी नवरात्रि पर्व एवं यात्रा सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता में कमी की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार ने मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 6 विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

अभियान के तहत कनखल स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर कुट्टू के आटे के 2 और पनीर के 2, कुल 4 विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान स्टोर प्रबंधन द्वारा कार्मिकों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, कीट नियंत्रण संबंधी रिपोर्ट, चूहों की रोकथाम के प्रबंध तथा खाद्य सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।

इसके अलावा जगजीतपुर, कनखल स्थित सुकून बाय द गंगेज होटल का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। होटल का संचालन परफेक्ट स्टेज होटल्स एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान आटा और चावल सहित कुल 2 विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए।

होटल की रसोई में खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही कुछ कच्ची खाद्य सामग्री की निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त होने के बाद भी उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत होटल के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान होटल प्रबंधन द्वारा कार्मिकों के चिकित्सकीय स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, कीट नियंत्रण रिपोर्ट, पेयजल जांच रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट सहित अन्य आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए। होटल प्रबंधन को संबंधित अभिलेख एक सप्ताह के भीतर विभागीय कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण अभियान में लिए गए सभी 6 विधिक नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आगामी नवरात्रि पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट, गुणवत्ता में कमी तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री के इस्तेमाल की रोकथाम के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles