HTML tutorial
HTML tutorial

चार माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग सकुशल बरामद, दुष्कर्म का आरोपी मोहाली से गिरफ्तार

Spread the love

भगवानपुर पुलिस की कार्रवाई, शामली निवासी 21 वर्षीय आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाईं**

हरिद्वार। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने चार माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पंजाब के मोहाली से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी सुहैल (21 वर्ष), निवासी कैराना, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश को भी गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को बालिका के पिता ने कोतवाली भगवानपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने और वापस नहीं लौटने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में एक जुलाई 2026 को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 264/2026 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर को बालिका की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ डिजिटल माध्यमों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) के जरिए जानकारी जुटाई। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर बालिका की तलाश जारी रखी गई।

इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के एसएएस नगर, मोहाली स्थित यदविंदर एन्क्लेव में टाउन स्क्वायर मॉल के निकट कार्रवाई की। यहां से आरोपी सुहैल को हिरासत में लेकर पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 और 64(2)(ड) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ)/6 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैल पुत्र इसरार, निवासी मोहल्ला रेतेवाला, थाना कैराना, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।

बालिका की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष नेगी, कांस्टेबल विनय थपलियाल और महिला कांस्टेबल सोनम शामिल रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles