राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का होगा कायाकल्प, उत्कृष्टता केंद्र के रूप में होंगे विकसित: मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए इनके संपूर्ण कायाकल्प पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आवासीय सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के आदर्श संस्थानों के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और आधारभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में विद्यालयों के संचालन में व्यापक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का संचालन सोसाइटी के माध्यम से किया जाए। इसके लिए राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शासी निकाय और जिला स्तर पर जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में समितियों के गठन की व्यवस्था की जाए। साथ ही सरकारी आवासीय विद्यालयों के प्रभावी संचालन, उत्तरदायित्व निर्धारण और नियमित निगरानी के लिए विधिक ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विद्यालयों में नियमित एवं समर्पित शिक्षकों की नियुक्ति के साथ स्थायी प्रधानाचार्यों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए योग्य और अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। शिक्षकों के चयन में निर्धारित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अर्हताओं के साथ उच्च शिक्षा और शोध की पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्थायी नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिला स्तर पर वैकल्पिक एवं अस्थायी व्यवस्था की जाए। आवश्यकता के अनुसार जिलाधिकारियों को शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति की व्यवस्था करने के लिए अधिकृत किया जाए। विद्यालयों के कार्मिक ढांचे को भी आवश्यकतानुसार मजबूत किया जाए।
मुख्य सचिव ने प्रवेश परीक्षा और प्रवेश प्रक्रिया का समयबद्ध निर्धारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से कम से कम एक माह पहले विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित कर लिए जाएं। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन निर्धारित समय पर सुचारु रूप से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य पाठ्य-सहगामी गतिविधियों में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जानी चाहिए।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए वाहन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, प्रस्तावित सुविधाओं, कार्मिकों की आवश्यकता और विद्यालयों के संचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप बजट निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक चयन प्रक्रिया अपनाने पर बल दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, मजबूत प्रबंधन और पर्याप्त संसाधनों से युक्त कर विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों के रूप में विकसित किया जाए।
बैठक में सचिव शिक्षा सुश्री ज्योति यादव, अपर सचिव श्री नवनीत पाण्डेय और महानिदेशक श्रीमती आकांक्षा कोंडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


