HTML tutorial
HTML tutorial

कोटद्वार से लापता युवती जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद, 24 घंटे में पुलिस ने परिजनों से मिलाया

कोटद्वार से लापता युवती जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद, 24 घंटे में पुलिस ने परिजनों से मिलाया
Spread the love

पौड़ी । पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटद्वार से लापता युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। माता-पिता की डांट से नाराज होकर युवती जम्मू पहुंच गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण कर युवती की लोकेशन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई और उसे सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री 17 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे कपड़े लेने के लिए कोटद्वार बाजार गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 256/2026, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्री सर्वेश पंवार ने युवती की शीघ्र तलाश और सकुशल बरामदगी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार श्रीमती अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार श्री प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के जम्मू जाने वाली ट्रेन में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुई और रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग लिया। जम्मू पुलिस के सहयोग से युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, कांस्टेबल अनुज वर्मा और महिला कांस्टेबल नेहा रावत ने युवती की तलाश एवं सकुशल बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles