उत्तराखंड में 400 से अधिक बेसिक शिक्षकों के पदों पर जल्द होगी भर्ती

देहरादून। उत्तराखंड के प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर नियुक्तियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के समायोजन पर जोर देते हुए कहा कि कई विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के बावजूद आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं। वहीं, अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में शिक्षकों का समायोजन जरूरत के अनुसार किया जाए, ताकि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, वहां पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हो सकें।
डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न कार्यों के भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ शीघ्र समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले प्रादेशिक खेलों के आयोजन के लिए युवा कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग का वार्षिक खेल कैलेंडर लागू किया जा चुका है। नए खेल मैदानों के निर्माण से विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
समीक्षा बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनोद कुमार सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक शिक्षा के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला सहित विद्यालयी शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


