HTML tutorial
HTML tutorial

पूर्व विधायक की पुत्री से पांच करोड़ रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने की आरोपी महिला सहारनपुर से गिरफ्तार

पूर्व विधायक की पुत्री से पांच करोड़ रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने की आरोपी महिला सहारनपुर से गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर एक महिला के विरुद्ध कथित अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां करने, पांच करोड़ रुपये की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने एक महिला को सहारनपुर से हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की रात कोतवाली रानीपुर में टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर निवासी महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सहारनपुर के सदर बाजार क्षेत्र की निवासी महिला ने सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बनाने और इसके लिए पांच करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप भी लगाया गया। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद महिला की तलाश शुरू की और 25 अक्टूबर को सहारनपुर स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, आरोपी महिला के विरुद्ध उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में पहले से नौ अन्य मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें झबरेड़ा, बहादराबाद, ज्वालापुर, देहरादून के नेहरू कॉलोनी और सहारनपुर के सदर बाजार व फतेहपुर थानों से संबंधित मामले शामिल हैं। इन मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप, महिला कांस्टेबल मोनिका और महिला कांस्टेबल मीनाक्षी कार्रवाई में शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles