चंबा पुलिस ने 7 पेटी अवैध शराब और बीयर के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार

टिहरी गढ़वाल। जनपद में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चंबा पुलिस ने एक आरोपी को सात पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ओमनी वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में टिहरी पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान कोतवाली चंबा पुलिस टीम ने जसपुर तिराहे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसके वाहन की तलाशी ली। इस दौरान वाहन से छह पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और एक पेटी अवैध बीयर बरामद हुई। आरोपी शराब को वाहन संख्या यूके09जीए0002 (ओमनी) में ले जा रहा था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र ओमपाल, निवासी कोटी कॉलोनी, बीपुरम, नई टिहरी, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली चंबा में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रवि कुमार, अपर उपनिरीक्षक राकेश राणा, हेड कांस्टेबल संतोष, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश और कांस्टेबल रामचंद्र शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई देती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।


