HTML tutorial
HTML tutorial

ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, फायरिंग और हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, फायरिंग और हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने कनखल क्षेत्र में फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सतीघाट पर सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उस पर तमंचे से फायर किया था। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया। पुलिस मामले में फरार मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात कोतवाली कनखल क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पुत्र के साथ मारपीट करते हुए उसे जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। घटना के संबंध में शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा संख्या 414/2026 दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जबकि फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र, निवासी लोधामंडी, राजघाट, कोतवाली कनखल, हरिद्वार; गौतम सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी बैरागी कैंप, कोतवाली कनखल, हरिद्वार तथा मनीष कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कोतवाली कनखल, हरिद्वार शामिल हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles