सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, 10.885 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,2.72 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद

अल्मोड़ा। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने सल्ट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 2,72,125 रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में सल्ट पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने रगड़गाड़ तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK18-R-9020 को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से कुल 10.885 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सल्ट में मुकदमा संख्या 21/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतीक अली (32 वर्ष), पुत्र अब्दुल लतीफ, निवासी ग्राम पैगा, थाना आईटीआई, जिला ऊधम सिंह नगर तथा दानिश (32 वर्ष), पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी वार्ड नंबर एक, निजाद फार्म, जसपुर खुर्द, थाना आईटीआई, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल, कांस्टेबल नीरज पाल (एसओजी अल्मोड़ा) और कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल रहे।


