राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में होगा एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम आयोजित करेगी। 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का प्रदेश के सभी पुलिस थानों में शाम 5:30 बजे सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने कार्यक्रम के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारी अपने आवंटित जनपदों में उपस्थित रहकर सुबह पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में हिस्सा लेंगे और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही सभी जनपदों में पुलिसकर्मियों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, एडीजी वी. मुरुगेशन को देहरादून, एडीजी ए.पी. अंशुमान को नैनीताल, आईजी विम्मी सचदेवा को हरिद्वार, आईजी रिधिम अग्रवाल को देहरादून, आईजी कृष्ण कुमार वी.के. को ऊधमसिंह नगर, आईजी नीलेश आनंद भरणे को पौड़ी गढ़वाल तथा आईजी राजीव स्वरूप को टिहरी गढ़वाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार आईजी अनन्त शंकर ताकवाले को अल्मोड़ा, आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तरकाशी, आईजी योगेन्द्र सिंह रावत को चम्पावत, आईजी बरिन्दरजीत सिंह को रुद्रप्रयाग, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल को चमोली और डीआईजी यशवन्त सिंह को पिथौरागढ़ जनपद का दायित्व दिया गया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे सभी पुलिस थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं के साथ गुजरात के एकता नगर में आयोजित एकता परेड का सीधा प्रसारण साझा किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के संदेश को प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचाना है।
प्रसारण के बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पुलिस और आमजन के बीच आपसी समन्वय, सहयोग तथा विश्वास मजबूत करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनसमुदाय, प्रबुद्ध नागरिकों, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों, युवाओं और स्कूली बच्चों की भागीदारी रहेगी। उत्तराखंड पुलिस का यह आयोजन राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।


