81 किलो 630 ग्राम गांजा बरामदगी मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

पौड़ी। जनपद में 81 किलो 630 ग्राम गांजा बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी जगत सिंह निवासी थलीसैंण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से रिमांड स्वीकृत होने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में धुमाकोट पुलिस ने थाना धुमाकोट में पंजीकृत मुकदमा संख्या 12/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई की। यह मामला 81 किलो 630 ग्राम गांजे के परिवहन से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, मामले में गांजा विक्रेता एवं वांछित अभियुक्त जगत सिंह को 16 नवंबर 2026 को वारंट-बी के तहत न्यायालय में तलब किया गया था।
न्यायालय ने अभियुक्त का रिमांड स्वीकृत करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। वहीं मामले में फरार अन्य वांछित अभियुक्तों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किए गए हैं। पुलिस टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


