अल्मोड़ा में नशे की अवैध खेती पर पुलिस का अभियान, 24 नाली भांग की फसल नष्ट

लमगड़ा के सुरखाल में 4 और सल्ट के छह ग्रामीण क्षेत्रों में 20 नाली अवैध भांग की खेती का किया विनिष्टीकरण
अल्मोड़ा। जनपद में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर मंगलवार को लमगड़ा और सल्ट थाना पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 24 नाली भूमि पर उगी अवैध भांग की खेती को नष्ट किया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया।
लमगड़ा थाना क्षेत्र में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभारी चौकी मोरनौला नरेश कोहली के साथ ग्राम प्रहरियों के सहयोग से ग्राम सुरखाल में अभियान चलाया। इस दौरान बंजर भूमि पर उगी लगभग 4 नाली अवैध भांग की खेती का विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध भांग की खेती नहीं करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
वहीं, सल्ट थाना क्षेत्र में सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छह ग्रामीण क्षेत्रों गुलार, जयराज, सरायखेत, एकोखेत, बजबार और लखरखेत में अभियान चलाया। इस दौरान बंजर भूमि पर उगी लगभग 20 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट की गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए अवैध भांग की खेती से दूर रहने की अपील की। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया।


