HTML tutorial
HTML tutorial

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर राज्य आपदा प्रबंधन दिवस का शुभारंभ

सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर राज्य आपदा प्रबंधन दिवस का शुभारंभ
Spread the love

देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसके साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिस्थितियों के आधार पर जनपदों की पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया।

अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिदृश्य दिए गए। उनसे यह जानकारी ली गई कि आपदा की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने और अन्य संबंधित एजेंसियों को सक्रिय करने के लिए किस प्रकार की कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता का आकलन करना है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक जनपद में सभी एजेंसियों की जिम्मेदारी, संसाधनों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था और कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली स्पष्ट होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने यह साबित किया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट जिम्मेदारी, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और संसाधनों का प्रभावी उपयोग लोगों की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है। इसी अनुभव के आधार पर प्रदेश की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।

सचिव ने बताया कि 28 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राज्य स्तर से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक होगा। इसके तहत लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना एवं संचालन का भी अभ्यास होगा। साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की ओर से आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। संबंधित एजेंसियां अपने उपकरणों के संचालन का प्रदर्शन भी करेंगी।

आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में आपदा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। विद्यालयों में मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम, वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles