HTML tutorial
HTML tutorial

केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के सफल समापन पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया सम्मान समारोह एवं बड़ा खाना आयोजित

केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के सफल समापन पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया सम्मान समारोह एवं बड़ा खाना आयोजित
Spread the love

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के सफल एवं सकुशल समापन पर रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से सम्मान समारोह एवं बड़ा खाना (सामूहिक भोज) आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों, यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा का सफल संचालन पुलिस विभाग के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था बनाए रखना, भीड़ प्रबंधन करना और यात्रियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन देना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। इसके साथ ही विषम परिस्थितियों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहती है।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने में जनपद पुलिस के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और लंबी ड्यूटी के बावजूद पुलिसकर्मियों ने पूरी निष्ठा, अनुशासन, धैर्य और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

नीहारिका तोमर ने कहा कि यात्रा की सफलता का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और टीम भावना को जाता है। उन्होंने अपने नियमित दायित्वों से आगे बढ़कर सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों की विशेष प्रशंसा की और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, संचार, अभिसूचना, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर बड़ा खाना का आनंद लिया। इस आयोजन का उद्देश्य यात्रा के दौरान दिन-रात सेवाएं देने वाले कार्मिकों के बीच आपसी सौहार्द, एकजुटता और टीम भावना को और मजबूत करना रहा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे और 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए गए। कुल 204 दिनों की यात्रा अवधि में 19,33,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रा का सकुशल समापन पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम रहा।

देवभूमि खबर

Related articles