HTML tutorial
HTML tutorial

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों को मिली सरकारी सेवा में जगह

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों को मिली सरकारी सेवा में जगह
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शासकीय आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण करते समय संबंधित परिवार की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। आपदा से हुए नुकसान का सही एवं समयबद्ध आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सभी अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अपनी कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ कार्य करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही सीमित है।

कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles