HTML tutorial
HTML tutorial

रेशमबाड़ी हत्याकांड के दो और आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

रेशमबाड़ी हत्याकांड के दो और आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली
Spread the love

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रेशमबाड़ी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद दो और अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के रेशमबाड़ी में हत्या की घटना हुई थी। मामले में अभियोग दर्ज कर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अब तक मामले के सभी छह नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और प्राथमिक उपचार दिलाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी पुत्र अशोक कुमार और प्रियांशु कश्यप पुत्र सोमपाल कश्यप, दोनों निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13, के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 22 वर्ष बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही रेशमबाड़ी हत्याकांड के सभी छह नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

देवभूमि खबर

Related articles