घने कोहरे में हुए जानलेवा हादसे का 48 घंटे से पहले खुलासा, खानपुर पुलिस ने बरामद किया दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने अपनी कार्यशैली और तत्परता का परिचय देते हुए खानपुर क्षेत्र में हुए ब्लाइंड एक्सीडेंट केस का 48 घंटे से भी कम समय में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया है। इस मामले में 42 वर्षीय संजीव कुमार को आरोपित बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की रात थाना खानपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 26 नवंबर को ऋषिकेश स्थित एम्स में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए खानपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों को 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। इसके लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
घटना के समय अत्यधिक घना कोहरा होने के कारण दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, आपसी समन्वय और लगातार प्रयासों के जरिए दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे से भी कम समय में मामले का सफल अनावरण किया।
हरिद्वार पुलिस ने निर्धारित समय से पहले घटना का खुलासा कर स्थानीय जनता से किया अपना वादा निभाया। पुलिस की इस कार्रवाई को त्वरित कार्यशैली, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण माना जा रहा है।
आरोपित का विवरण: पुलिस के अनुसार, संजीव कुमार (42 वर्ष), पुत्र बुध सिंह, निवासी नाईवाला, दल्लावाला कला, कोतवाली खानपुर, जनपद हरिद्वार को इस मामले में आरोपित बनाया गया है।


