शिक्षामंत्रीअरविंद पांडेय के पुत्र गूलरभोज शमशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हुए
गदरपुर।देवभूमि खबर ।सूबे के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के छोटे बेटे अंकुर पांडेय की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह 24 साल के थे। वहीं इस हादसे में उनके एक साथी मुन्ना गिरी की भी मौत हो गई और एक अन्य ज्ञानेन्द्र कोमा में है। भारी भीड के बीच अंकुर पांडेय की अंत्येष्टि गूलरभोज शमशान घाट पर कर दी गयी। इस दौरान यहां सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व कई विधायक मौजूद रहे।
मिली जानकारी के अनुसार अंकुर पांडेय अपने पारिवारिक मित्र मुन्ना गिरी व ज्ञानेन्द्र के साथ किसी वैवाहिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गोरखपुर जा रहे थे।
गाड़ी अंकुर ही चला रहे थे। देर रात लगभग तीन बजे बरेली के पास फरीदपुर और रजउ के नजदीक आमने-सामने ट्रक और उनकी कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में अंकुर, मुन्ना व उनका अन्य मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अंकुर व मुन्ना की मौत हो गई जबकि उनका तीसरा साथी कोमा में है। इसके पश्चात अंकुर के शव को उनके निवास गूलरभोज, गदरपुर लाया गया जहां भारी संख्या में पहुंच लोगों ने अंकुर को श्रृद्धांजलि दी। अंकुर अविवाहित थे। उनकी मौत से हर कोई गमजदा नजर आया। इधर शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय जो कि विधान सभा सत्र के चलते दून में थ,े बेटे की मौत की सूचना के बाद सुबह करीब 10 बजे अपने आवास पहुंचे। वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ऊधमसिंह नगर के गुलरभोज स्थित श्मशान घाट में स्व. अकुंर पाण्डेय के अन्तिम संस्कार में शामिल हुए व शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री श्री यशपाल आर्य ने भी अंकुर पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
/

