परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का UTC मुख्यालय दौरा, यात्री सुविधाओं व सेवाओं में सुधार पर जोर
देहरादून।परिवहन मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) के कुल्हान, सहस्त्रधारा स्थित मुख्यालय का औपचारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली, यात्री सुविधाओं तथा परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान मंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बस अड्डों की निर्माणाधीन परियोजनाओं, नए प्रस्तावों तथा बस सेवाओं की समयबद्धता और दक्षता पर चर्चा की। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग और इलेक्ट्रिक एवं पर्यावरण अनुकूल वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने तथा कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कार्य परिस्थितियों में सुधार के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्री संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसे आधुनिक व आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
दौरे के अंत में मंत्री ने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में एमडी रीना जोशी, वित्त नियंत्रक आनंद सिंह, महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह, महाप्रबंधक (कार्मिक) पवन मेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

