गांधी जयंती पर कार्यालयों एवं नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा:बर्निया

Spread the love

चमोली।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व0 लाल बहादूर शास्त्री जी की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। गांधी जयंती के अवसर पर सभी राजकीय कार्यालयों एवं नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई करने तथा जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी नेे कहा कि गांधी जंयती पर 02 अक्टूबर को सभी राजकीय भवनों में प्रातः 8ः00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही सभी कार्यालयों, विद्यालयों और सभी संस्थानों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का अनावरण/माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में गोष्ठियों का आयोजन कर गांधी जीवनदर्शन पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 9ः00 बजे शहीद स्मारकों पर माल्यापर्ण एवं श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ ही क्लेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा। वन विभाग के तत्वाधान में प्रातः 10ः30 बजे रौली ग्वाड तथा पोखरी बैंड के निकट पौधारोपण किया जाएगा। जिला अस्पताल में मरीजों को, राजकीय वृद्वाआश्रम वृद्वजनों तथा पुरसाडी कारागार में कैदियों को अपराह्न 11ः00 बजे फल वितरण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। दशोली ग्राम स्वराज मण्डल गोपेश्वर के सर्वोदय भवन में खादी एवं ग्रामोद्योग तथा जिला उद्योग केन्द्र के तत्वाधान में प्रातः 11ः30 बजे ऊन कताई कार्यक्रम होगा।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त शैक्षिणिक संस्थानों में गांधीवादी जीवनदृष्टि का प्रसार हेतु एकांकी नाटक प्रतियोगिता, विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद, निबन्ध प्रतियोगिता तथा गोष्ठीयों का आयोजन कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। गांधी जयंती पर बाल विकास एवं खेल विभाग के तत्वाधान में क्राॅस कन्ट्री दौड तथा बालिकाओं की बाॅलीबाल प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि ‘‘जल है तो कल है’’। हम सभी को इसके महत्व को समझना होगा और जल संरक्षण के लिए सभी को साथ मिलकर कार्य करना होगा। बैठक में गांधी जयंती को भव्य रूप से मनाने हेतु सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र सिंह लिंगवाल, मुरारी लाल, दीवान सिंह बिष्ट, डीपी पुरोहित, यदुवीर सिंह वत्र्वाल, बचन लाल टम्टा, गुलाम रसूल, अब्दुल खालिद खान सहित एसडीएम बुशरा अंसारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बीएस रावत, सीओ पुलिस आरके चमोली, समन्वयक नेहरू युवा केन्द्र योगेश धसमाना, सीएचओ नरेन्द्र यादव, डीईओ आशुतोष भण्डारी, बाल विकास अधिकारी संदीप कुमार व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles