राजस्व वसूली तथा लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

Spread the love

चमोली।राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने शतप्रतिशत राजस्व वसूली तथा लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बडे बकायादारों के खिलाफ तत्काल बंदी, कुड़की एवं नीलामी की कारवाई अमल में लाने को कहा।

मंगलवार को जिलाधिकारी ने क्लेक्ट्रेट परिसर में राजस्व विभागों की मासिक समीक्षा बैठक ली। उन्होंने भूमि अधिग्रहण मामलों के प्रतिकर का तत्काल भुगतान करने, अमीनों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आरसी आदि की वसूली करने तथा राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश तहसीलों को दिए। इस दौरान उन्होंने वाणिज्य कर, स्टांप तथा निबंधन, आबकारी, परिवहन कर, वन, खनन, भू-राजस्व, रेवन्यू पुलिस, फौजदारी, शमन आदि मामलों की समीक्षा करते हुए वसूली तथा राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
खनन की समीक्षा के दौरान खनन अधिकारी दिनेश कुमार बैठक से गायब मिले। उनके प्रतिनिधि के रूप में बैठक में पहुॅचे खनन विभाग के कर्मचारी से जब जिलाधिकारी ने खनन अधिकारी के बारे पूछा तो कर्मचारी ने बताया कि वो खनन अधिकारी के बारे में बताने के लिए अधिकृत नही है। इस पर जिलाधिकारी भड़क गए और उसी समय खनन अधिकारी कार्यालय पहुॅचे। खनन अधिकारी अपने कार्यालय से भी गायब मिले। इस पर जिलाधिकारी ने फोन कर खनन अधिकारी से आॅफिस से गायब रहने के बारे में पूछा तो उन्होंने अपने आप को कभी देहरादून तो कभी हल्द्वानी बताया। खनन अधिकारी के बिना अनुमति के जिले से बाहर रहने तथा राजस्व की महत्वपूर्ण समीक्षा में उपस्थित न रहने पर जिलाधिकारी ने कडी नाराजगी जाहिर करते हुए खनन अधिकारी दिनेश कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी है। इसके अलावा उन्होंने खनन अधिकारी को 08 घंटे के भीतर जिले में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के भी सख्त आदेश दिए है।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आबकारी में जो भी आरसी काटी गई है, उनकी प्राथमिकता से वसूली करना सुनिश्चित करें। विविध देय की वसूली में कर्णप्रयाग व थराली तहसील की धीमी प्रगति पर डीएम ने वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि जितने भी बडे बकायदार है, उनसे प्राथमिकता पर वसूली करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों का भी तेजी से निस्तारण करने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए।
जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को वाहनों की मजिस्ट्रीयल जांच कर यथासमय रिर्पोट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सहायता राशि वितरण की जा सके। पुलिस, परिवहन एवं सभी एसडीएम को वाहनों की ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड तथा डंªक एण्ड ड्राइव के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि वाहन चालकों को परेशान करने के उदेश्य से चैकिंग ना करें बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने के उदेश्य से वाहनों की चैकिंग की जाए। एसडीएम व आबकारी अधिकारी को अवैध कच्ची शराब और शराब की दुकानों में ओवर रेटिंग के खिलाफ समय-सयम पर छापेमारी करने को कहा। ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को सभी तहसील क्षेत्रों में अलावा की व्यवस्था रखने तथा कंबल इत्यादि सामग्री का इतेजाम रखने को कहा। उन्होंने कहा कि तहसीलों को आपदा की दृष्टि से पर्याप्त फंड दिया गया है।
जिलाधिकारी ने आॅलवेदर रोड़ एवं रेल परियोजना के तहत चिन्हित भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही में भी तेजी लाने निर्देश दिए। सड़क से जुड़ी अधिकांश शिकायतों को दखते हुए उन्होंने एसडीएम व तहसीलदार को स्वयं सड़कों का निरीक्षण करने, सड़कों के तेजी से निर्माण के लिए राजस्व लैंड बैंक का डेटा अपडेट करने तथा भ्रमण के दौरान आंगनबाडी केन्द्रों व लेबर रूम इत्यादि का भी निरीक्षण करने को कहा। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर राशन कार्डो की आॅनलाइन प्रगति की समीक्षा भी करने को कहा। उन्होंने बताया कि जितने राशन कार्ड आॅनलाईन हो रहे है उन्ही यूनिट के सापेक्ष आगे से राशन मिल रहा है। इसलिए राशन कार्डो के आॅनलाईन करने में भी तेजी लाना सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को कोई परेशानी न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एमएस बर्निया,एसडीएम बुशरा अंसारी, एसडीएम वैभव गुप्ता, डीजीसी आरएस बिष्ट, एडीजीसी केएस वत्र्वाल, एसपीओ हीरा सिंह, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड सहित राजस्व विभाग के विभिन्न पटलों के पटल सहायक उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles