मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी सर्वेश पंवार सख्त, लंबित विवेचनाओं, ई-एफआईआर और नशा नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शनिवार को पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा उन्मूलन एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित सभी अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, सत्यापन अभियान, ऑपरेशन प्रहार, नशा उन्मूलन तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए छोटे अपराधों का निस्तारण 15 दिन तथा अन्य मामलों का 60 से 90 दिन के भीतर हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। अनावश्यक देरी होने पर संबंधित थाना प्रभारी और विवेचक के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को ई-एफआईआर एवं जीरो एफआईआर की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और प्राप्त शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में अब तक केवल पांच ई-एफआईआर दर्ज होना चिंताजनक है। साथ ही नशा तस्करी के मामलों में केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर पूरे सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक सहयोगियों और संरक्षण देने वालों पर भी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में किरायेदारों, बाहरी श्रमिकों एवं अन्य व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को तेज करने, अग्निशमन सुरक्षा ऑडिट नियमित कराने, सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी रखने, सीएम हेल्पलाइन सहित जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनता के साथ संवाद बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मई माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार श्री अनूप काला, अभियोजन अधिकारी जावेद अहमद, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी श्री तपेश कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती अस्मिता मंमगाई, सीएफओ श्री राजेंद्र खाती, सहित समस्त निकटवर्ती थाना प्रभारी मौजूद रहे।

