ऊधमसिंहनगर पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 16 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर ।पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में “नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत एएनटीएफ/एसओजी रुद्रपुर एवं कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
26 जून 2026 को कलकत्ता फार्म चौकी क्षेत्र में सूर्य नगर गेट नंबर-5 के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में अभियुक्त सचिन सिंह के कब्जे से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के कब्जे से 11.06 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड एवं नगदी भी बरामद की है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त द्वारा नेपाल के लोगों को स्मैक की सप्लाई करने की बात भी सामने आई है। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऊधमसिंहनगर पुलिस जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

