चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज का आयुष्मान कार्ड हो :मंगेश घिल्डियाल

Spread the love

रूद्रप्रयाग जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में संचालक मण्डल समिति, जिला चिकित्सालय रूद्रप्रयाग की बैठक जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में चिकित्सालय की व्यवस्था को सुदृढ़ किये जाने हेतु विभिन्न कार्यों पर व्यय हेतु रू0 7881034.00 की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आयुष्मान कार्ड के अन्तर्गत प्राप्त शिकायत को गम्भीरता से लेते हुये नाराजगी व्यक्त की गयी तथा निर्देश दिये गये कि चिकित्सालय में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज का ओ0पी0डी0 पर्चा बनाने से पूर्व उसे अवश्य पूछ लिया जाय, कि उसका आयुष्मान योजना के अन्तर्गत कार्ड बना है अथवा नहीं यदि नहीं बनाया गया है, तो उसी समय उसका कार्ड बनवाया जाय। आयुष्मान कार्ड धारक मरीज का उपचार प्रत्येक दशा में आयुष्मान योजना के अन्तर्गत करना सुनिश्चित किया जाय। इसके साथ ही जिलाचिकित्सालय में कार्यरत चिकित्सकों की अवकाश स्वीकृति की संस्तुति जिलाधिकारी के माध्यम से व सरकारी अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट के अवकाश पर रहने पर सरकारी दर पर मरीजों के अल्ट्रासाउंड निजी अस्पताल से कराने हेतु मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया।
बैठक में आगामी कार्ययोजना के अन्तर्गत चिकित्सालय की विभिन्न सेवाओं से सम्बन्धित कुल 18 प्रस्ताव समिति के विचारार्थ प्रस्तुत किये गये, जिन पर व्यापक विचार-विमर्श के उपरान्त कुछ प्रस्तावों पर अनुमोदन प्रदान किया गया तथा कुछ प्रस्तावों के आंशिक अंश को स्वीकार किया गया। चिकित्सालय में जलापूर्ति बाधित होने के सम्बन्ध जिला अधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि चिकित्सालय में जलापूर्ति नियमित सुनिश्चित करने हेतु उत्तराखण्ड जलसंस्थान के प्रस्तुत कार्य आंगणन की धनराशि की मांग रूद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक जी से उनकी विकास निधि से करवाने का अनुरोध किया जाय, जिस पर माननीय विधायक के प्रतिनिधि श्री नरेन्द्र सिंह पंवार द्वारा सहमति व्यक्त की गयी। कोटेश्वर स्थित जगतगुरू शंकराचार्य माधवाश्रम चिकित्सालय में सी टी स्कैन मशीन को तत्काल क्रियाशील किया जाय ताकि जनसामान्य को उसका लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आमंत्रित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुये पूर्व बैठक में पारित किये गये प्रस्तावों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गयी जिस पर समिति के सभी सदस्यों द्वारा संतोष व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि डॉ संजय वशिष्ठ, सीएमएस डॉ दिनेश चंद्र सेमवाल, डॉ संजय तिवारी, डॉ डी.एस .रावत, कोषाधिकारी गिरीश चंद्र, के. एस. नेगी व यशवन्त सिंह नेगी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles