जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: महरा

Spread the love
अल्मोड़ा ।देवभूमि खबर। जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। यह बात जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पार्वती महरा ने आज जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक में कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत सम्बन्धी शिकायतों को गम्भीरता से लिया जाय तथा शिकायत के निस्तारण में कार्यवाही जो की गयी है उससे सम्बन्धित क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, व शिकायतकर्ता को अवश्य अवगत करा दें। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जो भी समस्यायें है उनका संज्ञान सम्बन्धित अधिकारी लेते हुए उसका निस्तारण यथा समय कराना सुनिश्चित करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत के सदस्यों ने अपनी क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विकास से जुडे अधिकारी अपने विकास खण्ड स्तर के कर्मचारियों को निर्देश कर दें कि व जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर संज्ञान लेकर यथा समय उसका निस्तारण करना सुनिश्चित करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा विभाग की समस्याओं का यथासमय निस्तारण न होने पर चिन्ता व्यक्त की गयी। बैठक में उप खण्ड शिक्षाधिकारियोंध्खण्ड विकास अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की गयी। बैठक में उपस्थित मा0 रानीखेत विधानसभा क्षेत्र करन महरा ने कहा कि जब ताडीखेत में स्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया गया है तो अन्य विकास खण्ड के अधिकारियों को इसका अनुकरण करना चाहियें। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिम्मेदार अधिकारियों के उपस्थित न रहने पर और संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में उपस्थित विघायक रानीखेत करन महरा ने कहा कि इस सदन में जो भी समस्यायें मा0 सदस्यों द्वारा उठायी जाती है उन समस्याओं का उल्लेख बैठक के कार्यवृत्त में अनिवार्य रूप से हो और आगामी बैठक में उन समस्याओं पर क्या कार्यवाही की गयी है इसकी पूरी तैयारी लेकर अधिकारी उपस्थित रहें यह व्यवस्था बनानी होगी। द्वितीय सत्र में अनेक महत्वपूर्ण बैठकों में सम्मिलित होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित बैठक में पहुॅचे उन्होने जिला पंचायत अध्यक्ष को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और सल्ट व चौखुटिया क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों ,द्वारा जो समस्यायें उठायी गई थी उनका संज्ञान लेते हुये यथा समय निस्तारण के लिये कार्यवाही करने का आश्वासन दिया और आश्वस्त किया कि भविष्य में यथा समय बैठक में उपस्थित होकर समस्याओं का निस्तारण कराया जायेगा। जिला पंचायत उपाध्यक्ष शिवेन्द्र रावत ने कहा कि जिला पंचायत सदन की गरिमा बनाये रखने की जिम्मेदारी हम सब की है। बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मोहन लाल टम्टा ने जी0एस0टी0 लागू होने के बाद की जा रही कार्यवाहियों का उल्लेख सहित विगत बैठक की कार्यवाही को पढा साथ ही इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 201718 हेतु मनरेगा के अन्तर्गत रू0 1991.14 लाख की कार्ययोजना का अनुमोदन का प्रस्ताव रखकर उसे पारित किया। बैठक में जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के प्रतिनिधि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मोहन सिंह महरा, सभी क्षेत्रों के जिला पंचायत सदस्यों सहित ब्लाक प्रमुख उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles