देहरादून।देवभूमि खबर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के 59वें जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। रक्तदान शिविर का आयोजन भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। शिविर में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। वहीं, महानगर भाजपा कार्यालय पर सीएम के दीर्घायु होने के लिए कार्यकर्ताओं ने यज्ञ का आयोजन किया। यज्ञ के पश्चात पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वे रात ही मुंबई से आए हैं जहां उन्होंने कई फिल्म निर्देशकों एवं फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य व्यक्तियों से वार्ता की जिसका लाभ आने वाले समय में उत्तराखंड को मिलेगा और रोजगार सृजन होगा।
सीएबी के संबंध में उन्होंने कहा की पुलिस को निर्देश दे दिए गए हैं कि राज्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबके पास है और यह शांतिप्रिय होना चाहिए। यज्ञ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल, 20 सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष नरेश बंसल, मेयर सुनील उनियाल गामा, वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, उपाध्यक्ष सीताराम भट्ट, हरीश डोरा, महामंत्री राजेंद्र ढिल्लो, आदित्य चैहान, मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, सभी मंडल अध्यक्षों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यज्ञ के पश्चात भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री का माल्यार्पण एवं मिष्ठान वितरण किया गया।