राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा
जरात चुनाव को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार कर लिया है. रविवार को राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने रविवार को अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर महंगाई को लेकर ट्वीट किया. उन्होंने लिखा- ‘महंगी गैस, महंगा राशन… बंद करो खोखला भाषण, काम दो… वरना खाली करो सिंहासन.’
रसोई गैस और राशन की बढ़ती कीमतों को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया. कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि महंगाई को रोकने में मोदी सरकार पूरी तरह से फेल रही है.
इसके पहले राहुल गांधी ने जीएसटी और नोटबंदी को लेकर भी केंद्र सरकार पर तंज कसे थे. उन्होंने जीएसटी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार दिया था. गुजरात में विकास को लेकर भी राहुल ने तंज कसे थे. उन्होंने एक रैली में कहा था, ‘विकास कहां है. झूठ सुन-सुनकर विकास पागल हो चुका है.’ राहुल ने नोटबंदी को भी देश के हित के खिलाफ बताया था.
गौरतलब है कि रसोई गैस सिलेंडर साढ़े चार रुपये तक महंगा हो गया है. घरेलू रसोई गैस के सब्सिडीयुक्त 14.2 किलोग्राम के एक सिलेंडर की नई कीमत अब 495.69 रुपये होगी. जुलाई 2016 में सरकार के हर महीने कीमत बढ़ाकर गैस सिलेंडर पर सब्सिडी खत्म करने के निर्णय के बाद यह सिलेंडर की कीमत में 19वीं बढ़ोतरी है. वहीं, बिना-सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 93 रुपये बढ़कर 742 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है.

