जीवनगढ़ में आयोजित शिविर में असंगठित क्षेत्र के 120 श्रमिकों को बांटे किट
विकासनगर। श्रम विभाग की ओर से जीवनगढ़ में आयोजित शिविर में असंगठित क्षेत्र के 120 श्रमिकों को साइकिल, सिलाई मशीन, टूल किट, छाते सहित विभिन्न सामग्री बांटी गई। लेबर इंस्पेक्टर बृजमोहन शर्मा ने सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी श्रमिकों को दी। शिविर का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक मुन्ना चैहान ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराने और उनके उत्थान के लिए कार्य कर रही है। कहा कि श्रम विभाग की ओर से संचालित योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को साठ साल की उम्र पर पेंशन की सुविधा दे रही है। इसके साथ ही उन्हें चार लाख का दुर्घटना बीमा, दो बेटियों की शादी के लिए 51-51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता, बच्चों की उच्च व व्यावसायिक शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति और श्रमिक के परिवार में किसी सदस्य के बीमार पड़ने पर नौ लाख तक के उपचार की सुविधा मुहैया करा रही है। विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर वर्ग के नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसके लिए श्रमिकों, किसानों, छोटे व्यापारियों के लिए कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, यह सुनश्चित करना संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का दायित्व है। उन्होंने बताया कि श्रमिकों के लिए अन्य क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान ब्लाक प्रमुख जसविंदर सिंह, कनिष्ठ उप प्रमुख रेणू फतेह अली खान, मुकेश शर्मा, समून चैधरी, जहूर अहमद, इरफान अंसारी, फतेह अली, नवाब चैधरी आदि मौजूद रहे।

