बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ, राष्ट्रीय पोषण अभियान, वन स्टाॅप सेन्टर आदि योजनाओं की समीक्षा बैठक

रूद्रप्रयाग ।जिला कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल द्वारा समेकित बाल विकास योजना के अन्तर्गत संचालित बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ, राष्ट्रीय पोषण अभियान, वन स्टाॅप सेन्टर आदि योजनाओं की समीक्षा बैठक ली गई।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद रूद्रप्रयाग से 75 प्रतिशत आंगनवाड़ी केन्द्रों की मोबाइल के माध्यम से उपस्थिति दर्ज हो रही है किन्तु शेष 25 प्रतिशत आंगनवाड़ी केन्द्रों द्वारा किन कारणों से आॅनलाइन उपस्थिति दर्ज नही कराई जा रही है, ऐसे केन्द्रों को एक सप्ताह के भीतर चिन्हित करने के निर्देश तीनों ब्लाकों के सीडीपीओ को दिए। कहा कि किसी भी दशा में एक सप्ताह के भीतर सभी केन्द्रों से आॅनलाइन उपस्थिति दर्ज होनी चाहिए।
जनपद के कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की सूची आंगनवाड़ी व आशा कार्यकत्री के संयुक्त हस्ताक्षर से हर माह की रिपोर्ट उपलब्ध कराने, प्रथम चरण में जनपद के 30 आंगवाड़ी केन्द्रों को माॅडल आंगनवाड़ी केन्द्र बनाने हेतु प्रस्ताव आकंलन तैयार करने के निर्देश बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए।
प्रधानमन्त्री मातृ वंदना योजना के तहत आंगनवाड़ी कार्यकत्री द्वारा प्रथम बार गर्भवती हो रही महिला को योजना से नही जोड़ने पर संबंधित कार्यकत्री को तत्काल निलंबित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए। इसके साथ ही जनपद की बेटियों को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण देने, महिलाओं को जाखधार में कृषि व बागवानी का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सरदार सिंह चैहान, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एस.के. झा, मुख्य शिक्षा अधिकारी सी.एन. काला, जिला पंचायतराज अधिकारी चमन सिंह राठौर, जिला उद्यान अधिकारी योगेन्द्र चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी एस.एस. वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे

