यूकेडी युवा प्रकोष्ठ ने विवादित बयान पर फेडरेशन अध्यक्ष का पुतला फूंका

Spread the love

देहरादून।देवभूमि खबर। यूकेडी युवा प्रकोष्ठ ने एससी-एसटी एंपलाइज फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा यूकेडी व दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट के खिलाफ दिए गए विवादित बयान का विरोध करते हुए फेडरेशन अध्यक्ष करम राम का पुतला फूंका। युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने एससी एसटी एंप्लाइज फेडरेशन अध्यक्ष से विवादित बयान को वापस लेने व बयान पर माफी मांगन की मांग की।

युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल पदोन्नति में आरक्षण का समर्थन करता है। इस मांग के समर्थन में चल रहे आंदोलन की भावनाओं को दल समझता है। लेकिन फेडरेशन अध्यक्ष द्वारा दिया गया बयान गैरजरूरी व अमर्यादित है। जिस दल ने राज्य गठन के लिए लड़ाई लड़ी। आंदोलन को मुकाम तक पहुंचाया। दल के केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट ने अपना जीवन राज्य को समर्पित कर दिया। उनके खिलाफ ऐसी अभद्र टिप्पणी करने से दल के कार्यकर्ता नाराज हैं। गौरतलब है कि, कथित रूप से फेडरेशन अध्यक्ष द्वारा यूकेडी का नामोनिशान मिटा देने, जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया। जिसके बाद दल के कार्यकर्ता भड़क उठे। दल ने राज्य सरकार पर प्रमोशन में आरक्षण पर अध्यादेश लाने की मांग की है। उन्होंने कहा, इस दायरे में सिर्फ आर्थिक रूप से पिछड़े कर्मचारियों को ही शामिल किया जाए। राज्य की आर्थिक दशा ठीक नहीं है। इसका भी ध्यान रखना होगा।

प्रदर्शन करने वालों में यूकेडी युवा प्रकोष्ठ केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, कमलकांत, मेहर सिंह, हरीश रावत, अंकुर वर्मा, विभा रावत, आशीष नौटियाल, जगदीश, सीमा रावत, गुलबहार राव, राजेश्वरी रावत आदि मौजूद थे।

देवभूमि खबर