एआईजी ट्रैफिक ने स्वयं प्रायोगिक तौर पर लोगों के ट्रैफिक नियमों की महत्ता समझाई
देहरादून ।देवभूमि खबर। शहर में बीते एक सप्ताह से चलाये जा रहे यातायात जागरूकता अभियान का रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। देहरादून पुलिस, पैसिफिक मॉल और मैक्स हॉस्पिटल की ओर से इस मौके पर राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर के पास स्ट्रीट कार्निवल का आयोजन हुआ। जिसे सफल बनाने में एआईजी ट्रैफिक केवल खुराना, एसएसपी निवेदिता कुकरेती के साथ डालनवाला सीओ जया बलूनी ने अपना पूरा सहयोग दिया। इस मौके पर दून पुलिस के कई अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। जिन्हें सीओ जया बलूनी ने सम्मानित भी किया।
गौरतलब है कि देहरादून पुलिस द्वारा पैसिफिक मॉल व मैक्स हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से 27 नवम्बर को ‘रोड सेफ्टी अवेयरनेस वीक’ कैंपेन चलाया गया। इसके तहत सप्ताह के प्रतिदिन दून पुलिस, पैसिफिक मॉल और मैक्स हॉस्पिटल द्वारा प्लेज वॉल, ग्राफिटी, बाइक रैली, हेलमेट वितरण जैसी गतिविधियाँ आयोजित हुईं । जिसमें शहर के आम नागरिकों के साथ दून पुलिस ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और कैंपेन को सफल बनाने में पूरा योगदान दिया। इतना ही नहीं एआईजी ट्रैफिक ने स्वयं प्रायोगिक तौर पर लोगों के ट्रैफिक नियमों की महत्ता समझाई। इसकी सफलता पर एआईजी ट्रैफिक केवल खुराना ने 3 दिसम्बर को हर साल ‘उत्तराखंड रोड सेफ्टी दिवस’ के तौर पर मनाने का आह्वाहन किया। कार्यक्रम के आखिरी दिन आयोजित कार्निवल में अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम हिमोत्सव के प्रतिभागी सदस्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कई रंगारंग प्रस्तुतियां दी और ट्रैफिक के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ लोगों का जमकर मनोरंजन किया। इस दौरान पैसिफिक मॉल के सेंट्रल डायरेक्टर किंजल राडिया व मैक्स हॉस्पिटल के डॉक्टर्स भी मौजूद रहे।
