हरिद्वार हत्याकांड में लंबे समय से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी बागपत से गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने वर्ष 2024 में कनखल क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के बागपत से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देश पर वांछित एवं इनामी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 337/2024, धारा 302, 201, 120बी और 34 भारतीय दंड संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज है। वर्ष 2024 में कनखल क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास, उम्र करीब 73 वर्ष, की हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान कुल छह आरोपी प्रकाश में आए थे।
इस मामले में हरिद्वार पुलिस द्वारा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि सौरव उर्फ बिट्टू सहित दो आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों की कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी। साथ ही सौरव उर्फ बिट्टू की गिरफ्तारी पर उच्चाधिकारियों द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ टीम द्वारा इनामी आरोपी की लगातार तलाश के साथ मैनुअल पुलिसिंग और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से उसके संबंध में सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी दौरान टीम को आरोपी के बागपत में मौजूद होने की महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम ने आरोपी सौरव उर्फ बिट्टू को उसके गांव टीकरी, थाना दोघट, जनपद बागपत, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरव उर्फ बिट्टू पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम टीकरी, थाना दोघट, जनपद बागपत, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 37 वर्ष के रूप में हुई है। एसटीएफ द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगई, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल, हेड कांस्टेबल बिजेन्द्र चौहान, कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे।


