किसान प्रदेश के विकास में बड़ा योगदान कर सकते हैं: सीएम
रुड़की ।देवभूमि खबर। रूड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारी किसान कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित ऋण मेले में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत एवं जनपद के विधायकगणों द्वारा हरिद्वार जनपद के 5176 किसानों को 2 प्रतिशत ब्याज दर पर एकएक लाख रूपये के ऋण का वितरण चैक के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री रावत ने ऋण वितरण मेले का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि मेरे द्वारा इसी मैदान में पूर्व में यह वायदा किया गया था कि प्रदेश सरकार ऐसी योजना लाएगी जिससे छोटे किसान लाभान्वित होंगे व कृषि से संबंधित कोई भी कार्य कर सकेंगे और आज हम ऋण वितरण कर इस वायदे को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के अच्छे परिणाम मिलने पर भविष्य में इस योजना के अंतर्गत किसानों के लिए ऋण सीमा बढ़ाई जाएगी। रावत ने कहा कि किसान प्रदेश के विकास में बड़ा योगदान कर सकते हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वह छोटे-छोटे कृषि कार्य अपनाकर प्रदेश के विकास व देश की जीडीपी वृद्धि में अपना योगदान दें। उन्होंने किसानों को बांस की खेती करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि वे दूसरे राज्यों से अच्छी नस्ल के दुधारू पशुओं का क्रय कर प्रदेश में पशुपालन व्यवसाय को बढ़ायें। यह राज्य के लिए बड़ा योगदान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए फसल बीमा योजना, खाद, बीज एवं पशुचारा आदि कम कीमत में उपलब्ध कराना जैसी योजनाएं चलाकर सरकार किसानों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे किसानों को कृषि से सम्बन्धित छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रेरित करें। सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत ने कहा कि अभी तक प्रदेश में सरकार 43 हजार किसानों को दो प्रतिशत ब्याज दर पर एकएक लाख रूपये का ऋण उपलब्ध करा चुकी है। प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी 2018 तक हरिद्वार जनपद के 30 हजार किसानों को ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। यह ऋण तीन वर्ष के लिए दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा इस अवसर पर 30 किसानों को ऋण चौक का वितरण किया गया जिनमें सुशीला, सुभाष सैनी, ओमा, रमेश्ना, अजय कुमार, अनीता, रामरति, भूपेन्द्र सिंह, सलमान, करण सिंह, प्रेमलता, मुनेश देवी, महावीर, रमेशचन्द्र, सावित्री देवी, सोहन सिंह, मुकुल कुमार, श्रवण कुमार, सुधीर, नगीना, विकुल पंवार, सुरेश, भीम सिंह, इकबाल, श्रवण कुमार, राजेश्वर सिंह, शरीफ अहमद, मेहर चन्द्र, धनपाल सिंह एवं सुरेन्द्र कुमार को ऋण वितरण किया गया, जबकि अन्य किसानों को सहकारिता मंत्री व विधायकगणों द्वारा ऋण वितरण किया गया। इस अवसर पर कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन आदि विभागांें द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने बावत स्टॉल भी लगाये गये थे। इस अवसर पर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, प्रदीप बत्रा, देशराज कर्णवाल, सुरेश राठौर, स्वामी यतीश्वरानन्द व संजय गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक रावत, एसएसपी कृष्णकुमार वीके, सीडीओ स्वाति भदौरिया, जयपाल सिंह चौहान, नरेश बंसल, उत्तराखण्ड सहकारी संघ के अध्यक्ष दान सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सुशील कुमार आदि उपस्थित थे।
