दबंगों ने की बारातियों से मारपीट, मची अफरा तफरी
फोटो पी8आक्रोशित परिजनों ने किया पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन।
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। कैंप में आई बारात में घुसे करीब दर्जन भर दबंगों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध पर दूल्हा को घसीटकर मारापीटा और उसके गले से सोने की जंजीर लूट ली गई। जबकि दूल्हे के छोटे भाई समेत दो अन्य को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। घटना के बाद काफी समय तक बारात में अफरा तफरी का माहौल बना रहा। घटना से क्षुब्ध वर पक्ष के शादी से इंकार करने पर वधु पक्ष दुल्हे के पिता के पैरों में पड़ गया। काफी मान मनौव्वल के बाद सुबह बारात विदा हो सकी।
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या एक जगतपुरा स्थित मुखर्जी नगर निवासी रविन सरकार ने थाना प्रभारी को सौंपी तहरीर में कहा है कि सोमवार को उसकी पुत्री दीपा की शादी थी। दीपा की बारात सितारगंज से आई थी। दीपा का विवाह सितारगंज निवासी मिथुन मंडल पुत्र अनिल मंडल से होना था। शादी की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थी। मंडप पर दुल्हा दुल्हन के बीच फेरों के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि तभी मुहल्ले के ही करीब दर्जन भर आवारा किस्म के युवक बारात में आ घुसे और शराब पीकर गालीगलौज करने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो उक्त दबंगों ने बारातियों से मारपीट शुरू कर दी। जिसमें दूल्हे के छोटे भाई दीपक मंडल के अलावा कुछ लोग घायल हो गए। जबकि दूल्हा मिथुन को दबंग घसीटकर बाहर ले जाने लगे। दबंगों की इस गुंडई के बाद वहां खासा हंगामा खड़ा हो गया। दबंग जाते समय दूल्हे के गले से डेढ़ तोले की सोने की जंजीर कीमत करीब 45 हजार रुपये लूट ले गए। लहूलुहान दीपक मंडल को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। इधर, घटना से सहमे दूल्हा के परिजन बिना दुल्हन लिए ही बारात बैरंग लेकर लौटने लगे। इस पर वधु पक्ष ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए बमुश्किल बारात को मय दुल्हन मंगलवार की सुबह रुखसत किया।
घटनाक्रम को लेकर आक्रोशित परिजनों ने आज ट्रांजिट कैंप थाने में पहुंचकर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस को तहरीर सौंपते हुए पीड़ित दुल्हन के पिता रविन ने कहा कि पुलिस ने न तो अभी तक उनकी रिपोर्ट ही दर्ज की है और न ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि उन्होंने मामे की तहरीर पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। दुल्हन के भाई उत्तम सरकार ने बताया कि उसने रात्रि में ही करीब साढ़े ग्यारह बजे 100 नंबर पर पुलिस को घटना बावत सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन फोन पिक नहीं किया गया। उसने अपने नंबर 9997872291 से तीन चार बार फोन मिलाया, लेकिन हर बार फोन नहीं मिला। फोन विजी बताता रहा। बताया कि अगर फोन पिक हो जाता तो आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए जाते।
