छावनी परिषद के आधा दर्जन आउट हाउस में लगी आग लाखों की सम्पत्ति जलकर हुई राख
ललित जोशी, नैनीताल*
नैनीताल, । सरोवर नगरी नैनीताल के भवाली मार्ग छावनी परिषद के आधा दर्जन आउट हाउस में आग लग जाने से लगभग लाखों की सम्पति जलकर खाक हो गयी। एक बार फिर अग्निकांड के लिहाल से भारी पड़ा। नगर के आर्मी कैंट क्षेत्र के अंग्रेजी दौर के पिगरी फार्म कैलाखान क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा अग्निकांड हो गया। अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक परिवारों के सिर से छत गायब हो गई तथा बेटियों की शादी व अन्य कार्यों के लिए रखी करीब 22.5 लाख रुपए की नगदी व जेवहरात के साथ ही घर में रहने वाले लोगों के शैक्षिक व अन्य प्रमाणपत्र भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निशमन बल के साथ ही सेना, वायु सेना के अग्निशमन दस्ते व जल संस्थान के टेंकरों की भी आग बुझाने में मदद ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को पिगरी फार्म स्थित पुराने दोमंजिले भवन की दूसरी मंजिल में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और पूरे घर को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। वहीं अग्निशमन कार्यालय के अनुसार 11 बजे के आसपास आग की सूचना मिली, इसके बाद तत्काल सक्रिय हुई अग्निशमन कार्यालय की पूरी यूनिट अग्निशमन अधिकारी चंदन राम के नेतृत्व में मौके पर जुटी और सेना, वायु सेना भवाली के अग्निशमन दस्ते व जल संस्थान के करीब 10 टेंकरों की मदद से करीब ढाई बजे आग पर काबू पाया। इस दौरान एक घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिसने से भी अफरातफरी रही, जबकि करीब एक दर्जन गैस सिलेंडर सुरक्षित बचाए गए। इस दौरान गृहस्वामी 80 वर्षीय प्रह्लाद पाल ने करीब 50 हजार की नगदी, उनके पुत्र अजय पाल की करीब डेढ़ लाख की नगदी व बेटी की शादी के लिए रखे करीब ढाई लाख के जेवर, दूसरे बेटे कमल पाल की करीब 50 हजार की नगदी व साढ़े चार लाख रुपए के स्वर्णाभूषण, संजय सोनकर पुत्र स्वर्गीय रमेश सोनकर की भी करीब 50 हजार की नगदी व साढ़े चार लाख के जेवर, द्रोपदी देवी पत्नी स्व. नरेंद्र लाल के भी करीब साढ़ चार लाख के जेवर व डेढ़ लाख की नगदी, मूर्ति देवी पत्नी स्वर्गीय तुलसीदास की करीब 10 हजार की नगदी व करीब डेढ़ लाख के जेवर अग्निकांड की भेंट चढ़ जाने का दावा किया गया है। अलबत्ता, अग्निशमन बलों ने आग को निचली मंजिल में आने से पहले ही रोक लिया।
आग बुझाने में अग्निशमन अधिकारी चंदन राम के साथ जवाहर सिंह, राजेंद्र नाथ, कुलदीप कुमार, मनोज भट्ट, गौरव कार्की, नीरज कुमार, जगत सिंह, उमेश कुमार, भूपाल सिंह, धीरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, रवि चंद्र, अवनीश कुमार व राजेंद्र आदि कर्मी जुटे। कैंट बोर्ट के मुख्य अधिशासी अधिकारी और नगर पालिका नैनीताल के अध्यक्ष सचिन नेगी ने भी मौका मुआयना किया व प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। अलबत्ता कोई जनहानि नहीं हुई । अगर रात्री का समय होता तो अनहोनी से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

