श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की जिलाधिकारी द्वारा निरंतर माॅनीटरिंग की जा रही है
रुद्रप्रयाग । श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए तथा श्री केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार से कोई असुविधा न हो इसके लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं जिसमें चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा व्यवस्था को दुरस्त रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए जा रहे हैं तथा की जा रही व्यवस्थाओं की जिलाधिकारी द्वारा निरंतर माॅनीटरिंग की जा रही है।
श्री केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता एवं तत्परता से किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. बी.के. शुक्ला द्वारा अवगत कराया गया है कि श्री केदारनाथ धाम में दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं का यदि किसी का स्वास्थ्य हो जाता है इसके लिए यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक डाॅक्टरों की तैनाती की गई है जिनके द्वारा किसी श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य खराब होने पर ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 मई, 2022 को 2479 श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कराया गया जिसमें 1903 पुरुष तथा 576 महिलाएं शामिल हैं तथा अब तक ओपीडी के माध्यम से 19651 श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया है जिसमें 14598 पुरुष तथा 5053 महिला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 16 यात्रियों की मृत्यु भी हो चुकी है।
केदारनाथ धाम में यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात एसडीआरएफ की टीम द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता से त्वरित गति से किया जा रहा है। एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर मनोज सिंह रावत ने अवगत कराया है कि केदारनाथ धाम में दर्शन करने आई पंजाब निवासी शीला उम्र 65 वर्ष जो मंदिर परिसर में अचानक बेहोश होकर गिर गई थी, जिन्हें तुरंत स्ट्रेक्चर के माध्यम से उपचार हेतु सिक्स सिग्मा हाॅस्पिटल में ले जाया गया। जहां उसका उपचार कराया गया। उन्होंने अवगत कराया है कि एसडीआरएफ की टीम द्वारा अब तक 11 घायल/बीमार हुए श्रद्धालुओं का रेस्क्यू करते हुए उपचार हेतु हाॅस्पिटल पहुंचाया गया है। केदारनाथ धाम में आने वाले तीर्थ यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए नगर पंचायत केदारनाथ द्वारा केदारनाथ धाम में निरंतर साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर ढंग से की जा रही है।

