HTML tutorial
HTML tutorial

केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर करीब 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर करीब 5 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी हेली टिकट बुकिंग के नाम पर करीब पांच लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार कोतवाली गुप्तकाशी में अगस्त माह में मुकदमा अपराध संख्या 29/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह मुकदमा पुणे, महाराष्ट्र निवासी करण गुजराल की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी कर करीब पांच लाख रुपये ठगे जाने की जानकारी दी थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए आरोपी राहुल थापा पुत्र स्वर्गीय राम थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, देहरादून को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पैसों के लालच में श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सिम कार्ड सहित दो मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी द्वारा कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के संबंध में भी जानकारी दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस की अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी उपनिरीक्षक दिनेश सती और मुख्य आरक्षी जयप्रकाश शामिल रहे।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें। अनधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक अथवा अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार की धनराशि स्थानांतरित न करें। किसी लिंक या वेबसाइट की विश्वसनीयता की पुष्टि किए बिना भुगतान करने से बचें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

देवभूमि खबर

Related articles