प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंट साहिब के कपाट विधि विधान से श्रद्धालुओं के लिए खुले
चमोली।दशम गुरु श्री गोविंद सिंह जी के तपोस्थान गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब जी के कपाट श्रद्धालुओं के लिए विधिवत अरदास के साथ खोल दिए गए हैं । पहली अरदास में 5000 श्रद्धालु शामिल हुए। आज गुरुद्वारा गोविंद घाट से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था पंच प्यारों के साथ हेमकुंट साहिब पहुंचा। इसके बाद सुबह साढ़े नौ बजे गुरु ग्रंथ साहिब को पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा साहिब की मुख्य ग्रंथि सरदार मिलाप सिंह मीत ग्रंथि सरदार कुलवंत सिंह गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब के प्रबंधक सरदार गुरनाम सिंह के द्वारा द्वारा सचखंड से पावन दरबार साहिब में ले जाया गया।
इस अवसर पर हेमकुंट साहिब के साहिब ग्रंथी साहिब द्वारा सुखमनी साहिब जी का पाठ किया गया। तथा विश्व प्रसिद्ध रागी भाई मोहकम सिंह और साथियों द्वारा प्रस्तुत गुरुवाणी कीर्तन से मौजूद संगत निहाल हो उठी।
इस आयोजन में 418 इंडिपेंडेंट कोर के सैनिक एवं गढ़वाल स्काउट के सैनिकों के साथ गुरु घर के सेवादारों ने सहयोग देकर सेवा निभाई।
सेना की 418 कमान के ऑफिसर कमांडर कर्नल आरएस पुंडीर, ब्रिगेडियर देवेंद्र सिंह, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष किशोर पंवार और गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार जनक सिंह ने भी कपाट खुलने के मौके पर हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में शबद कीर्तन में प्रतिभाग किया।

