खटीमा। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से रोस्टरवार तहसील दिवस, बीडीसी एवं जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह बात मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने तहसील खटीमा में आयोजित शिविर के दौरान कही।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं का शीघ्र समाधान एवं सभी पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण करें तथा रात्रि चौपाल के माध्यम से भी जन समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में उठाई गई सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों के फार्म भरवाकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराई जाएं, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत जनपद में आगामी 45 दिनों तक न्याय पंचायतों में रोस्टरवार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जनता से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की तथा अधिकारियों को शिविरों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर किया जाए, जिस स्तर की समस्या है, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।
बुधवार को खटीमा में आयोजित शिविर में बिजली, सड़क निर्माण व मरम्मत, नाली, पुलिया निर्माण, अतिक्रमण आदि से संबंधित कुल 73 शिकायतें पंजीकृत की गईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत गांगी के ग्राम प्रधान निशान सिंह ने नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र को हैंडओवर कराने, नाले के खुदान/चौड़ीकरण, लिंक रोड निर्माण, सस्ते गल्ले की दुकान शिफ्ट करने तथा विद्युत पोल लगवाने से संबंधित मांगें रखीं, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को निरीक्षण कर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत जमौर, सिसैया, भूड़ाकिशनी, नदन्ना एवं कुटरी के ग्राम प्रधानों द्वारा भी पुलिया निर्माण, नाला निर्माण, सड़क निर्माण, भू-कटाव रोकथाम एवं अतिक्रमण हटाने से संबंधित समस्याएं रखी गईं, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिविर के दौरान एनआरएलएम योजनांतर्गत 09 महिला स्वयं सहायता समूहों को 36 लाख 15 हजार रुपये के चेक/स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह राणा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता सक्सेना, भवानी भंडारी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी कुँवर सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

