चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट
देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण 06 मार्च 2026 से शुरू कर दिया गया है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु 06 मार्च को प्रातः 07 बजे से मोबाइल एप और वेबलिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
चारधाम के कपाट खुलने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। श्री यमुनोत्री और श्री गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। वहीं श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 और श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को खुलेंगे। श्री हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की तिथि की आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी।
श्रद्धालु अपना पंजीकरण registrationandtouristcare.uk.gov.in वेबलिंक अथवा Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकते हैं। भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए इस वर्ष भी भौतिक पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर पंजीकरण सेवा कपाट खुलने से दो दिन पहले, 17 अप्रैल 2026 से प्रारंभ की जाएगी।
भौतिक पंजीकरण केंद्र ऋषिकेश स्थित यात्रा पंजीकरण केंद्र एवं ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान तथा देहरादून के विकास नगर में स्थापित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की जानकारी या असुविधा होने पर टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24×7 संपर्क कर जानकारी प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पूर्व अपना पंजीकरण अनिवार्य रूप से करा लें।

