देहरादून में 42 लाख कीमत की 144 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) एसटीएफ उत्तराखण्ड और थाना बसंत विहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 144 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अवैध ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 42 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह द्वारा राज्य को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक एएनटीएफ परवेज अली के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने थाना बसंत विहार देहरादून पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया।
अभियान के दौरान थाना बसंत विहार क्षेत्र से गुफरान पुत्र स्वर्गीय फुरकान निवासी आजाद कॉलोनी थाना पटेल नगर जनपद देहरादून, मूल निवासी ग्राम कोट खादर थाना रायपुर सादात जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 144 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह यह हेरोइन तरुण पाल उर्फ चीनू निवासी थाना पटेल नगर देहरादून से लेकर आया था, जिसे वह फुटकर में जरूरतमंदों को बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंत विहार देहरादून में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है तथा मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि नशे से दूर रहें और किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी में शामिल न हों। यदि कहीं नशे का कारोबार हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ को दें। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली एएनटीएफ एसटीएफ टीम में उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल रवि पंत, कांस्टेबल दीपक नेगी, कांस्टेबल दीपक चंदौला, कांस्टेबल प्रशांत चौहान।थाना बसंत विहार पुलिस से अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह, महिला कांस्टेबल 636 सारिता शामिल रहे

