नर्सिंग बेरोजगारों के प्रदर्शन को AAP का समर्थन, भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की उठाई मांग

देहरादून। नर्सिंग बेरोजगार संघ की तीन महिला कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर कथित रूप से फिनाइल पीने की घटना के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तराखंड ने संघ के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग बेरोजगारों के साथ एकजुटता जताते हुए राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश के नर्सिंग युवा पिछले पांच वर्षों से भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण युवाओं में निराशा बढ़ी है और वे इस तरह के कदम उठाने को मजबूर हुए हैं।
पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि आम आदमी पार्टी नर्सिंग बेरोजगार संघ की सभी जायज मांगों का समर्थन करती है। उन्होंने सरकार से जल्द नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, भर्ती कैलेंडर जारी करने तथा रिक्त पदों पर नियुक्तियां करने की मांग की।
पार्टी ने यह भी मांग की कि फिनाइल पीने वाली तीनों कार्यकर्ताओं का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए और उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करे। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नर्सिंग बेरोजगारों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।
