हल्द्वानी में एडीजी की अपराध समीक्षा बैठक, महिला अपराध व नशा तस्करी पर सख्त निर्देश
हल्द्वानी। अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित मीटिंग हॉल में जनपद नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जनपदों के पुलिस कप्तानों सहित राजपत्रित अधिकारियों की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एडीजी ने विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लंबित विवेचनाओं की स्थिति पर गहन चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों और जांचों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर लंबित मालों का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
एडीजी ने ई-साक्ष्य (e-Sakshya), NATGrid सहित अन्य पोर्टलों पर डेटा अपडेट करने में तेजी लाने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष फोकस रखा गया। महिला संबंधी अपराधों की विवेचना 60 दिन की निर्धारित अवधि में पूर्ण न होने पर एडीजी ने नाराजगी जताई और सभी मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। नशा तस्करी के मामलों में ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ की जांच की गुणवत्ता सुधारने, बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिगों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने और अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए तकनीक व प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने को कहा गया।
बैठक के अंत में एडीजी ने चेतावनी दी कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति सहित दोनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

