गांधी-शास्त्री जयंती पर एडीएम विवेक राय ने किया माल्यार्पण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित

गांधी-शास्त्री जयंती पर एडीएम विवेक राय ने किया माल्यार्पण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर नैनीताल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और सरल जीवन का संदेश आज भी पूरे विश्व को राह दिखा रहा है। उनके विचार समाज में समानता, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और ‘जय जवान-जय किसान’ का नारा देश के विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए आज भी प्रेरणादायी है। उनका जीवन त्याग और समर्पण का प्रतीक है।

अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए, जो विशिष्ट होने के साथ ही दूसरों के लिए अनुकरणीय बने। उन्होंने जिलाधिकारी एवं अपनी ओर से कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की ऋणी है तथा उनके संघर्ष और आदर्शों को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

इसके उपरांत अपर जिलाधिकारी ने तल्लीताल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत, शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा तथा उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के शहीदों के स्मृति स्थल पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद उन्होंने मल्लीताल स्थित खादी भवन में चरखा चलाकर खादी एवं ग्रामोद्योग की परंपरा से जुड़ने तथा स्वदेशी भावना को अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलिक, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, तहसीलदार अक्षय भट्ट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश सिंह, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया।

देवभूमि खबर

Related articles