किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में किराये के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का दून पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा, जबकि अनैतिक देह व्यापार के लिए दिल्ली से लाई गई एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू कराया गया। आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और देह व्यापार से अर्जित 18 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान में अचानक छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग युवती को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था और दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार का धंधा संचालित कर रहा था। आरोपी फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें महिलाओं की तस्वीरें भेजता था। ग्राहकों की पसंद के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा ग्राहक द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा जाता था।

पुलिस के अनुसार नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। इसके बाद उसे मनीष के किराये के कमरे में रखा गया और उस पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया। युवती द्वारा इनकार करने पर आरोपियों ने उसे जबरन कमरे में बंधक बनाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती को रेस्क्यू कर लिया।

इस मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 704/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 96, 99, 127(2), 3(5), पोक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 11 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार लखेड़ा पुत्र सोहन लाल, निवासी नीलकंठ एन्क्लेव हरभजवाला, पटेलनगर, उम्र 42 वर्ष, अभिषेक पुत्र उमालाल, निवासी महावीर नगर, दिल्ली, उम्र 35 वर्ष, भानू उर्फ सिद्धान्त पुत्र सुखराम सिंह, निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून, ममता पत्नी रामू यादव, निवासी स्कूल ब्लॉक शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली, उम्र 28 वर्ष, नेहा पुत्री सलमान, निवासी संगम विहार, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष तथा सुमन पुत्री चन्द्रभान, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, प्रभारी कोतवाली पटेलनगर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल कैलाश पंवार, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह रावत, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल राकेश पंवार तथा हेड कांस्टेबल चालक बबूल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles