चारधाम यात्रा 2026 से पहले एक्शन मोड में उत्तरकाशी पुलिस प्रशासन — मानव तस्करी, बाल श्रम और भिक्षावृत्ति पर सख्त रोक के निर्देश
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय द्वारा 10 अप्रैल 2026 को मानव, महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विभागों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मानव तस्करी और बाल तस्करी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी द्वारा सभी विभागों से सुझाव लेते हुए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि इन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर बाल श्रम, भिक्षावृत्ति और ह्यूमन ट्रैफिकिंग की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानव और बच्चों की तस्करी को रोकना केवल पुलिस का नहीं बल्कि सभी संबंधित विभागों और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
एसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि इस प्रकार के अपराधों को जड़ से समाप्त किया जा सके।
बैठक में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी प्रमोद उनियाल, निरीक्षक टीकम सिंह बिष्ट, महिला काउंसलिंग सेल प्रभारी उ0नि0 गीता सहित सीडब्ल्यूसी, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण केंद्र, श्रम विभाग, बाल एवं किशोर न्याय बोर्ड और चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

